रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर चेकिंग करता बम निरोधक दस्ता।-स्रोत-पुलिस
सुल्तानपुर। दुर्गा पूजा महोत्सव के मद्देनजर अयोध्या जिले से पहुंचे बम निरोधक दस्ते व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने शुक्रवार को शहर के सार्वजनिक स्थलों की जांच की। दुर्गा पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों, बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं की जांच की।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस के साथ एलआईयू, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और एंटी सैबोटाज चेक टीम ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और पूजा पंडालों में पहुंचकर जांच की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा संबंधी खतरों के लिए भी सतर्कता बरती गई। सीओ नगर ने बताया कि टीम रुकी हुई है। किसी प्रकार की भी संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन के चारों प्लेटफार्म व जम्मू जाने वाली स्पेशल ट्रेन में भी संयुक्त टीम के सहयोग से चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में जीआरपी थानाध्यक्ष बृजेश कुमार यादव व उनका स्टाफ भी शामिल रहा।