संजय सिंह, राज्यसभा सांसद। स्रोत-सोशल मीडिया
सुल्तानपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार रात अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा को ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ बताते हुए कहा कि जब देश में कोई झगड़ा नहीं होता तो भाजपा को लगता है कि नया मुद्दा खड़ा किया जाए।
सहारनपुर, मेरठ, संभल और मुरादाबाद में मस्जिदों से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि अब यूसीसी के जरिये लोगों को उलझाया जा रहा है। उन्होंने जनता से यूसीसी, पीसीसी और सीसीसी जैसे मुद्दों के बजाय विकास और रोजमर्रा की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की। यूपीआई शुल्क पर संजय सिंह ने केंद्र को घेरा। उन्होंने कहा कि 2,000 रुपये से अधिक के लेनदेन पर शुल्क का बोझ अंततः जनता पर पड़ेगा। सरकार के अनुसार 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यापारी लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लागू होगा, जबकि व्यक्तिगत लेनदेन निशुल्क रहेंगे।