सुल्तानपुर। नगर निकाय चुनाव में मतदान के बाद पार्टी के एजेंटों के सामने ही मतपेटिका सील की जाएगी। प्रत्येक वोटर को मतपत्र देने के पहले अमिट स्याही लगानी होगी। बुधवार को प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों को यह जानकारी दी गई।
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में नगर निकाय चुनाव के लिए नियुक्त मतदान कार्मिकों को दूसरे चरण का प्रशिक्षण दिया गया। दो पालियों में हुए प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों को मतपेटिका खोलने, सील करने व स्ट्रांग रूम में जमा करने समेत अन्य जानकारियां दी गईं। मतदान कार्मिकों को स्मार्ट टीवी के जरिए लाइव जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का जायजा लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया। कहा कि प्रशिक्षण में सभी मतदान कार्मिक पूरी जानकारी ले लें जिससे मतदान के दिन किसी को दिक्कत का सामना न करना पड़े।
जिला विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि 11 मई की सुबह सात से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे। मतदान कार्मिकों को एक दिन पहले मतदान स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा। रवानगी के समय मतपत्र समेत अन्य सामग्री के मिलान की भी जानकारी दी गई। मतदान कार्मिकों को डॉ. जनार्दन राय, सत्यदेव पांडेय, रणवीर सिंह व संतोष गुप्ता ने आयोग के नियमों की जानकारी दी।