फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: सड़क हादसों में दंपती व युवक की मौत

Thu, 04 May 2023 12:32 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
अखंडनगर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे पलटी कार।
विज्ञापन
मोतिगरपुर/कादीपुर/ अखंडनगर (सुल्तानपुर)। जिले में बुधवार को सड़क हादसों में दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बुधवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मौत से नाराज परिजनों ने राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर करीब एक घंटे बाद जाम खुला। उधर, अखंडनगर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार मुख्य मार्ग की रेलिंग तोड़ते हुए 20 फीट नीचे जा गिरी। कार सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा व भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन



पहली दुर्घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर उपाध्याय गांव की है। कोतवाली क्षेत्र के अल्देमऊ नूरपुर निवासी निखिल कुमार (20) बुधवार सुबह गेहूं खरीदने मुजहना गांव पहुंचा था। वहां से लौटते समय निखिल पदारथपुर उपाध्याय गांव के पास सड़क किनारे खड़ा होकर सवारी का इंतजार कर रहा था। तभी अचानक किसी अज्ञात वाहन से उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


बताया जा रहा है कि घायल होने के बाद वह करीब आधे घंटे तक सड़क पर ही तड़पता रहा। एंबुलेंस को फोन किया गया लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। घटनास्थल पर ही कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर उसके परिजन पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने समय से एंबुलेंस न पहुंचने का आरोप लगाते हुए शव को राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विज्ञापन



रास्ते में ड्रम आदि रखकर मार्ग जाम कर दिया गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को देखते ही आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए।


मोतिगरपुर थाने के उपनिरीक्षक आरके यादव और कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद पांडेय से प्रदर्शनकारियों की काफी नोकझोंक भी हुई। करीब 40 मिनट बाद पुलिसकर्मियों के काफी समझाने-बुझाने के बाद शव को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर ले जाया गया। इसके कुछ देर बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।


दूसरी दुर्घटना अखंडनगर थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के निकट पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर हुई। आजमगढ़ जनपद के हर्रा चुंगी कोतवाली निवासी कपड़ा व्यवसायी अरुण कुमार (55) अपनी पत्नी संतोष (52) पुत्र नैतिक (25) व भतीजी रुक्मिणी (19) के साथ कार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लखनऊ से निकले थे। कार नैतिक चला रहा था, उसके बगल में रुक्मिणी बैठी थी। पीछे की सीट पर अरुण व उनकी पत्नी संतोष थीं।


दोपहर ढाई बजे के करीब अखंडनगर थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। उस पर सवार अरुण व उनकी पत्नी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि बेटा व भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई।


दुर्घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। क्षतिग्रस्त कार से शवों व घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद तहसीलदार कादीपुर बृजेश सिंह व अखंडनगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए।


थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन दोनों को आजमगढ़ रेफर कर दिया गया है जबकि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें