लंभुआ (सुलतानपुर)। नगर पंचायत के रामनगर मोहल्ले में बुधवार को मामूली विवाद में एक कथित सिपाही ने युवक को पिस्टल लहराते हुए दौड़ा लिया। युवक ने दुकान में घुसकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया तो सिपाही ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी भी दी। यह आरोप लगाते हुए पीड़ित ने तहरीर दी है। उधर, पुलिस ने आरोपी को नीली बत्ती व हूटर लगी कार व पिस्टल समेत हिरासत में ले लिया है। उसकी पहचान समीप के अर्जुनपुर निवासी आरके सिंह के रूप में की गई है।
जैतपुर भिटार निवासी व विधि शिक्षा प्राप्त आकाश द्विवेदी बुधवार को कस्बे के मुख्य मार्ग पर अपनी बाइक से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी बाइक एक कार से टकरा गई। इसे लेकर नीली बत्ती व हूटर लगी निजी कार से उतरे आरके सिंह व आकाश में नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि इस दौरान आरके सिंह ने पिस्टल निकाल कर आकाश को दौड़ा लिया। वह एक दुकान में छिप गया तो आरोपी ने उस पर पिस्टल सटाकर धमकाया। आकाश ने अपने परिवारीजनों व पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने पुरानी तहसील के पास से नीली बत्ती व हूटर लगी कार समेत आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि निजी कार पर हूटर व नीली बत्ती लगी पाई गई है, जिसे सीज कर दिया गया है। कार सवार आरक्षी के पद पर तैनात बताया गया है। इसकी तहकीकात की जा रही है। बरामद असलहे के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के सामने बदलता रहा बयान
कार सवार व अर्जुनपुर निवासी आरके सिंह को पुलिस जब कोतवाली लाई तो उसने मौजूद पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पर भी धौंस जमाने का प्रयास किया। उसने पहले अपना परिचय सचिवालय में तैनात समीक्षा अधिकारी के रूप में दिया। बाद में उसने खुद को जिला पुलिस व सचिवालय में तैनात बताया। कोतवाली में मौजूद आकाश के परिजनों से भी अभद्रता की।
-
कराई जा रही पुष्टि
यह मामला जानकारी में आया है, पुलिस कार्रवाई कर रही है। आरोपी के सिपाही होने की पुष्टि कराई जा रही है। यदि वह सिपाही होगा तो उसके अधिकारियों को भी कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा।
-सोमेन बर्मा, पुलिस अधीक्षक