सुल्तानपुर। जिले में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए किए जा रहे प्रचार-प्रसार का असर अब साफ दिखने लगा है। लोगों में मास्क और सेनेटाइजर को लेकर जागरूकता बढ़ी है। बाजारों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक पर अपेक्षाकृत भीड़ कम हो गई है। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर है।
छोटी-बड़ी हर बात पर निगाह रखी जा रही है। जिले की सीमाओं पर पुलिस के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें यात्री वाहनों को रोककर लोगों की जांच कर रही हैं। यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण अंचलों में आशा बहुएं घर-घर पहुंचकर लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के बारे में जानकारी दे रही हैं।
बृहस्पतिवार को जिले के चांदा, अखंडनगर, कूरेभार, हलियापुर, धम्मौर, बंधुआकलां और प्रतापगंज के पास यात्री वाहनों को पुलिस ने रोका। पुलिस के साथ मौजूद चिकित्सकों की टीम ने यात्री वाहनों में सफर कर रहे लोगों की जांच की और उन्हें कोरोना के प्रति जागरूक किया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान सभी यात्रियों को बताया कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। थोड़ी सी सावधानी बरतने से कोरोना वायरस से बचा जा सकता है।
कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच किट (बीटीएम किट) व इलाज करने वाले स्टाफ के लिए पीपीई किट (पर्सनल प्रोटेक्शन किट) की व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि इलाज करने वाले स्टाफ के लिए एन 95 नामक मास्क उपलब्ध है। साथ ही जिले में पर्याप्त मात्रा में मास्क और सेनेटाइजर भी है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। हर संदिग्ध की जांच की जा रही है।
सीएमओ डॉ. चंद्रभूषण नाथ त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। इसके प्रभाव से बचने के लिए कोल ड्रिंक्स, आइसक्रीम, कुल्फी, मिल्क शेक, बर्फ कोला आदि खाने से लोग बचें। 48 घंटे से ज्यादा समय की बनीं दूध की मिठाइयों का सेवन लोग न करें। बचाव करीब 90 दिन तक किया जाना है।
एक स्थान पर ज्यादा लोग एकत्र न होने पाएं और किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने शहर के सभी मॉल, पीवीआर को बंद करा दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर शहर के अधिकांश होटलों-ढाबों में काम करने वाले कर्मचारी भी कोरोना वायरस को लेकर सतर्क हो गए हैं। बृहस्पतिवार को शहर के कई होटलों और ढाबों पर काम करने वाले कर्मचारी मास्क लगाकर काम करते दिखे।
जिला अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉ. पंकज पांडेय के मुताबिक नियमित पानी के सेवन, यात्रा से बचाव, मास्क के उपयोग के साथ मसालेदार भोजन से परहेज से कोरोना के प्रभाव से बचा जा सकता है। विटामिन सी का सेवन रोग से बचाव में मददगार साबित होगा। गला सूखने पर कोरोना वायरस करीब 10 मिनट में ही शरीर के भीतर आक्रमण कर देता है।
डॉ. पंकज पांडेय ने बताया कि तेज बुखार, बुखार के बाद खांसी, वयस्कों में असहजता सिरदर्द व श्वसन संबंधी दिक्कत और अत्यधिक संक्रामकता प्रमुख रूप से कोरोना के लक्षण हैं। ये बच्चों के लिए ज्यादा खतरनाक है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बरते जा रहे एहतियात के मद्देनजर शासन के निर्देश पर डीएम सी. इंदुमती ने जनता दर्शन, संपूर्ण व थाना समाधान दिवस का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। डीएम सी. इंदुमती ने बताया कि किसी समस्या से पीड़ित लोग अपनी शिकायत फोन से उनके कैंप कार्यालय के नंबर 05362-240203 पर सुबह साढ़े नौ से शाम पांच बजे तक दर्ज करा सकते हैं।
फोन से दर्ज शिकायतों को डीएम स्वयं देखकर उसका निदान कराएंगी। डीएम सी. इंदुमती ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए शासन के आदेश पर सभी स्कूल, कॉलेज व महाविद्यालय दो अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।