बल्दीराय तहसील के मेघमऊ में हादसे के बाद झटका मशीन को कब्जे में लेती अधिकारियों की टीम।-स्रोत
सुल्तानपुर। हलियापुर के मेघमऊ गांव में रविवार को झटका मशीन के करंट के चपेट में आने से किशोर की मौत के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में अभियान चलाया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के आदेश के बाद सभी पांचों तहसीलों में कुल 95 झटका मशीनों को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी उपजिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को संयुक्त रूप से खेतों में लगी झटका मशीनों की जांच कर उन्हें तत्काल हटाने और संयंत्र को कब्जे में लेने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को पहले दिन बल्दीराय में 25, सदर में 20, कादीपुर में 08, लंभुआ में 23 और जयसिंहपुर में 19 झटका मशीन लगाने वाले किसानों पर कार्रवाई की गई है। संयंत्रों को कब्जे में लिया गया है। बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।