सुल्तानपुर। प्रयागराज महाकुंभ मेले को लेकर पखवारे भर से चल रही जाम की समस्या से जूझ रहे श्रद्धालुओं की आवभगत में प्रशासन आगे आया है। जिलाधिकारी ने होल्डिंग एरिया की व्यवस्था के लिए अधिकारियों व सफाई कर्मियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगा दी है। अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को डीएम कुमार हर्ष ने बताया कि प्रयागराज से अयोध्या, अयोध्या से वाराणसी समेत अन्य प्रमुख मार्गों से गुजरने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न जगहों पर होल्डिंग एरिया बनाते हुए उसमें खानपान, पेयजल, विश्राम के लिए बिस्तर, प्रकाश, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई का इंतजाम किया गया है। प्रत्येक होल्डिंग एरिया में करीब आठ हजार श्रद्धालु ठहर सकते हैं।
ये हैं होल्डिंग एरिया
इसमें महाराणा प्रताप कॉलेज, राम प्रताप इंटा कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय बिसानी, गनपत सहाय पीजी कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय मुजेश, रामरती इंटर कॉलेज कटका खानपुर, पं. प्रताप नारायन बालिका इंटर कॉलेज कटका बाजार, श्री रामप्रताप आईटीआई, प्राथमिक विद्यालय गुप्तारगंज द्वितीय, जूनियर हाईस्कूल कूरेभार, जनता इंटर कॉलेज कूरेभार, ब्लाॅक परिसर कूरेभार, महात्मा गांधी स्नाकोत्तर महाविद्यालय, एके प्रेसीडेंसी, रामरती महाविद्यालय, ऋषिराज सिंह महाविद्यालय, सुल्तानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, श्रीमती सुंदरादेवी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान हलियापुर, पंचायत भवन डोभियारा समेत 67 एरिया बनाया गया है। डीएम ने बताया कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि को देखते हुए सात स्टेटिक मजिस्ट्रेट व 63 राजस्व कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
सात रूट डायवर्जन स्थल बनाया
प्रशासन ने मेले को देखते हुए सात रूट डायवर्जन स्थल बनाया है। पयागीपुर चौराहा, लोहरामऊ बाईपास, कटका तिराहा, कूरेभार चौराहा, पूर्वांचल बाईपास, कूरेभार मोड थाना हालियापुर, टाटिया नगर चौराहा शामिल है। इन स्थलों पर शांति, सुरक्षा व सुगम यातायात के लिए 27 घंटे थाना प्रभारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। बताया कि रूट डायवर्जन के क्रियान्वयन के लिए 38 मजिस्ट्रेट, 174 पुलिस अधिकारी व 350 हेड कांस्टेबल व होमगार्ड लगाए गए हैं। पेट्रोल पंपों व ढाबों पर लगे सीसीटीवी को क्रियाशील कराया गया है। डीएम ने कहा कि अधिक दाम वसूलने वालों पर कार्रवाई होगी।
श्रद्धालु दे सकेंगे कंट्रोल रूम के इस नंबर पर सूचना
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए पुलिस व प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। दिक्कत आने पर श्रद्धालु कंट्रोल के मोबाइल नंबर-9454417466 पर सूचना दे सकते हैं।