बल्दीराय (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज किया है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के पिता का आरोप है कि पुत्री को गांव के आरोपी आमिर ने पहले शादी का झांसा दिया। खुद को अविवाहित बता आरोपी उनकी पुत्री को 31 अक्तूबर को अगवा कर ले गया। एक नवंबर को धर्म परिवर्तन कराकर आरोपी ने शादी करने का दबाव बनाया। इसकी भनक परिवारजनों को लग गई।
युवती के पिता ने बताया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है उसके दो बच्चे भी हैं। युवती के पिता की तहरीर पर बल्दीराय थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने खोजबीन करते हुए युवती को सकुशल परिवारजनों के हवाले कर दिया है। आरोपी युवक को रविवार को पुलिस ने बघौना नहर की पटरी के पास से गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
धर्म संपरिवर्तन का एक आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने धर्म परिवर्तन के आरोपी कन्हैयालाल निवासी भदैंया कोतवाली लंभुआ को रविवार को कामतागंज बाजार मस्जिद के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 25 धार्मिक पुस्तकें भी मिली हैं। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पर लोगों को बरगला कर धर्म परिवर्तन करवाने का आरोप है।