कादीपुर (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र कादीपुर के अनिरुद्धनगर मोहल्ले में बुधवार को दिनदहाड़े वृद्ध की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को सोमवार को पकड़ा। उसे पॉवर हाउस तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद हो गई है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के अनिरुद्धनगर मोहल्ले में बुधवार दोपहर अशोक दुबे का उसके विपक्षी धर्मेंद्र दुबे से विवाद हुआ था। इस दौरान धर्मेंद्र के पुत्र दिव्यांशु दुबे ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अशोक दुबे को मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपी फरार चल रहे थे।
इनमें से एक आरोपी मोनू शुक्ल निवासी शाहपुर लपटा थाना मोतिगरपुर को कादीपुर पुलिस ने सोमवार को पॉवर हाउस तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ घटना में प्रयुक्त कार भी मिल गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कादीपुर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।