सुल्तानपुर। कादीपुर में 21 साल पहले हुई कलेक्शन एजेंट दिनेश चंद्र मोदनवाल की हत्या के मामले में मंगलवार को अदालत में गवाही शुरू हुई। मृतक के भाई कमलेश चंद्र मोदनवाल ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने उनसे जिरह शुरू की, लेकिन समय पूरा होने के कारण जिरह पूरी नहीं हो सकी। अदालत ने शेष जिरह के लिए गवाह को 20 अगस्त को तलब किया है।
जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज (अरगूपुर कला) निवासी दिनेश चंद्र मोदनवाल हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड में कलेक्शन एजेंट थे। 14 अप्रैल 2005 को वह कंपनी का बकाया वसूलने कादीपुर बाजार आए थे। आरोप है कि बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर 90 हजार रुपये लूट लिए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। मृतक के भाई कमलेश चंद्र की तहरीर पर कादीपुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के बाद पुलिस ने प्रमोद श्रीवास्तव, शिवनाथ, नरेंद्र गिरि और हरीश मौर्य को आरोपी बनाया।