सुल्तानपुर। जेठ की तल्ख धूप के बीच लू का असर बरकरार रहा। दिनभर चलीं पश्चिमी गर्म हवाएं सितम ढाती रहीं। तेज धूप में लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा था। पंखे-कूलर भी गर्म हवा दे रहे हैं। शहर से लेेकर गांव तक लोग भीषण गर्मी से बेहाल दिखे। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी लू से निजात मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
जेठ की शुरुआत होते ही धूप के तेवर और भी तल्ख हो गए हैं। बृहस्पतिवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। सुबह 10 बजे के बाद आसमान से आग बरसने लगी। पश्चिमी हवाओं की भी रफ्तार बढ़ गई। दोपहर 12 बजे के बाद तल्ख धूप के बीच लू का कहर शुरू हो गया। इससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। तेज धूप व भीषण गर्मी के चलते शहर के प्रमुख स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ न के बराबर थी। गर्म हवा चलने के कारण लोग झुलसते रहे।
पंखे व कूलर की हवा से भी राहत नहीं मिल रही है। सीलिंग फैन गर्म हवा उगल रहे हैं। उमसभरी गर्मी से हर कोई परेशान दिखा। शहरी लोग भी गर्मी से बेहाल रहे। शाम छह बजे के बाद धूप कुछ कम हुई तो बाजारों में चहल-पहल शुरू हुई। हालांकि उमसभरी गर्मी का असर बरकरार रहा। धूप से बचने के लिए पुरुषों ने जहां गमछों का सहारा लिया, वहीं युवतियां व महिलाओं ने स्टॉल का इस्तेमाल किया।
मौसम शुष्क बने रहने व लू से नहीं मिलेगी निजात
कमला नेहरू कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सहायक सूर्य प्रकाश ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 45.7 और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने व तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना और लू से निजात मिलने की संभावना नहीं है।