सुल्तानपुर। हनुमानगंज बाजार में मंगलवार की सुबह रुई धुन रहे एक किशोर का मशीन के पट्टे में फंसकर गला कट गया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में ले लिया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हनुमानगंज गांव में मंगलवार की सुबह आठ बजे मोहम्मद समीर (16) पुत्र मोहम्मद अनवर अपने चाचा मोहम्मद अरमान के साथ गांव में स्थित पुराने घर के पास मशीन में रुई धुन रहा था। इस बीच धूल से बचने के लिए समीर ने मुंह को एक चादर से ढका था। अचानक चादर का एक सिरा मशीन के पट्टे में फंस गया।
जब तक उसके चाचा अरमान भागकर मशीन के इंजन को बंद करते पट्टे में फंसकर समीर का गला कट गया। समीर की मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते घटना स्थल पर ग्रामीणों का भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद उपनिरीक्षक अब्दुल कादिर खान मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
समीर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मंगलवार की सुबह समीर अपनी मां सईदा और पिता अनवर से यह कहकर घर से निकला था कि वह रुई धुनने के बाद घर आएगा और नहाने के बाद चाय पीयेगा। मां सईदा उसकी बात को याद कर दहाड़ें मारकर रो रही है। समीर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।