भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कामतागंज बाजार में रविवार सुबह छत की स्लैब ढलाई करते वक्त ऊपर से गुजरे हाईटेंशन लाइन के तार से लोहे का सरिया छू गया। करंट की चपेट में आकर किशोर मजदूर झुलस कर छत से नीचे गिर पड़ा, और उसकी मौके पर मौत हो गई।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कामतागंज बाजार में शंभूगंज रोड पर सत्य नारायण जायसवाल का नया मकान बन रहा है। रविवार को मकान पर छत की स्लैब डालने का काम शुरू हुआ। निर्माणाधीन मकान के सामने ही ट्रांसफार्मर लगा है। ट्रांसफार्मर से 11 हजार हाईटेंशन लाइन का तार मकान के ऊपर से गुजरा है।
मकान की स्लैब में काम करते हुए कामतागंज बाजार में रहने वाले मऊ जिले के मजदूर किशन उर्फ छोटू (16) को छत के ऊपर से गुजरे तार नहीं दिखे। उसने लोहे की सरिया हाथ में उठा ली। सरिया में उतरे करंट से वह छत से नीचे गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साथी मजदूर व अन्य लोग उसे लेकर सीएचसी भदैंया पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली देहात थाने के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
किशन की मौत से सदमे में आया परिवार
मऊ जिले के दोहरी थाने के परिखापुर निवासी राजू धरिकार दशक भर से कामतागंज बाजार में आरामशीन के पास फुटपाथ पर झुग्गी बनाकर रहता है। बांस की खांची, दौरी व अन्य सामान बनाता है। उसका बेटा किशन मजदूरी करके अपने परिवार का खर्च चलाता था। सत्यनारायण जायसवाल बाजार के व्यवसायी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बिना बिजली का तार हटवाए ही छत पर ढलाई का काम शुरू करवा दिया गया।