सरोजनीनगर। बंथरा में लखनऊ-कानपुर रेलखंड के हरौनी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर सीतापुर के नंद्रासन नगवापुर निवासी अंकुल (17) की मौत हो गई। उसके बड़े भाई रामराज ने बताया कि 20 दिन पहले दोनों दिल्ली नौकरी करने गए थे। बुधवार को फरक्का एक्सप्रेस से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे हरौनी के पास पहुंचने पर अंकुल बाथरूम जाने की बात कहकर सीट से चला गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। गेट के पास लोगों से पूछताछ में किशोर के ट्रेन से गिरने की जानकारी मिली। रामराज ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई और पुलिस को सूचना दी। खोजबीन करने पर हरौनी स्टेशन से 50 मीटर दूर पटरी पर अंकुल का शव मिला। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अनियंत्रित होकर गिरने की बात सामने आई है।