सुल्तानपुर। स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशालय की दो सदस्यीय टीम ने बृहस्पतिवार को जिले के कई कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों व ब्लॉक संसाधन केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शासन की ओर से मिली धनराशि के उपभोग के संबंध में अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही निष्ठा प्रशिक्षण में क्रय की गई अवस्थापना सामग्री का भी टीम ने सत्यापन किया।
राज्य परियोजना निदेशालय के वरिष्ठ विशेषज्ञ राजेंद्र प्रसाद तथा आईईडी प्रभारी राकेश चंद्र पांडेय की टीम बृहस्पतिवार को जिले में पहुंची। टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कादीपुर की व्यवस्था व जयसिंहपुर विकासखंड क्षेत्र के पेमापुर में निर्माणाधीन विद्यालय भवन का निरीक्षण किया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में वर्ष 2020-21 में मिली धनराशि से कराए गए कार्यों का वित्तीय और भौतिक सत्यापन किया गया। जिले के परिषदीय विद्यालयों में निर्माण के लिए भेजी गई धनराशि के सापेक्ष वर्ष 2018-19, 2019-20 व 2020-21 में कराए गए निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन किया गया।
विकास खंड स्तर पर निष्ठा प्रशिक्षण के अंतर्गत खरीदी गई अवस्थापना सामग्री का सत्यापन व अभिलेखों का परीक्षण किया गया। समेकित शिक्षा के अंतर्गत ब्रेल स्टेशनरी व होम बेस्ड एजुकेशन मद में खर्च की गई धनराशि के सापेक्ष बच्चों को उपलब्ध कराई गई सामग्री का भी सत्यापन कराया गया।
शिक्षकों के निलंबन/बहाली की जांच, शिक्षकों के संबद्धीकरण, अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना व तैनाती, मृतक आश्रित नियुक्तियों के लिए आवेदन पत्रों के निस्तारण की स्थिति की भी पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान डीसी सिविल आनंद शुक्ला, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी रामयश यादव, भदैंया बीईओ सतीश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।