फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: जाली दस्तावेज लगाकर शिक्षक ने हासिल की नौकरी

Wed, 07 Aug 2024 02:10 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बल्दीराय (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र के हलियापुर स्थित श्रीसिंह राय भाले सुलतान इंटर काॅलेज में कार्यरत प्रवक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीआईओएस ने हलियापुर थाने में तहरीर दी है। प्रवक्ता पर जाली दस्तावेज लगाकर नौकरी हासिल करने का आरोप है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
विज्ञापन



अमेठी जिले के संग्रामपुर क्षेत्र के मल्लूपुर गांव निवासी रामेंद्र पांडेय ने पूर्व में जनता दर्शन में डीएम को शिकायती पत्र दिया था। उनका आरोप है कि जयेश त्रिपाठी निवासी ग्राम मल्लूपुर (संग्रामपुर) तहसील व जिला-अमेठी व जयेश चंद्र त्रिपाठी निवासी ग्राम मल्लूपुर (संग्रामपुर) तहसील व जिला-अमेठी दोनों एक ही व्यक्ति हैं। जयेश ने नाम व जन्मतिथि बदलकर हाईस्कूल का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर उसके आधार पर श्री सिंह राय भाले सुलतान इंटर काॅलेज हलियापुर में प्रवक्ता पद पर नौकरी प्राप्त कर ली। मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने दो सदस्यीय समिति का गठन किया था।


जांच में जयेश त्रिपाठी व जयेश चंद्र त्रिपाठी के एक ही व्यक्ति होने व हाईस्कूल के अंकपत्र व प्रमाणपत्र में गलत नाम पाया गया। जांच समिति ने श्री सिंह राय भाले सुलतान इंटर काॅलेज हलियापुर के प्रवक्ता जयेश त्रिपाठी को अपने नाम, जन्मतिथि व स्थायी पते में कूटरचना एवं तथ्यगोपन का दोषी पाया। मामले में जयेश त्रिपाठी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था, लेकिन वह जवाब देने से बचने के लिए प्रार्थना पत्र देते रहे।
विज्ञापन


अपने नाम, जन्मतिथि व स्थायी पते में की गई कूटरचना एवं तथ्यगोपन संबंधी शिकायत की जांच में दोषी मिले प्रवक्ता जयेश त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए डीआईओएस रविशंकर ने हलियापुर थानाध्यक्ष को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक की तहरीर मिली है। जल्द ही केस दर्ज कर लिया जाएगा।

डीआईओएस रविशंकर ने बताया कि प्रवक्ता जयेश त्रिपाठी ने फर्जी प्रमाणपत्र के जरिए नौकरी हासिल की थी। जांच में इसकी पुष्टि हुई है। जयेश के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें