फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: स्कूल में चोरी करते पकड़ा तो शिक्षक दंपती को फावड़े-कुल्हाड़ी से काट डाला

Tue, 06 Oct 2026 01:39 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
पकड़े गए दोनों आरोपी 
विज्ञापन
सुल्तानपुर। कादीपुर के कुंभी डड़िया में शिक्षक दंपती की हत्या का राज आठ दिन बाद सोमवार को खुल गया। पुलिस के मुताबिक स्कूल में चोरी करते समय शिक्षक मुकेश सिंह की पत्नी विनीता सिंह ने आरोपी राकेश यादव और उसके साथी आशीष यादव को देख लिया था।
विज्ञापन

पहचान खुलने के डर से दोनों ने पहले विनीता की फावड़े से हत्या की। पत्नी को बचाने पहुंचे मुकेश ने विरोध किया तो उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल मुकेश जान बचाकर बाहर भागे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उनकी भी हत्या कर दी। सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया।
पुलिस लाइन्स सभागार में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कुंभी डड़िया निवासी राकेश यादव गांव के ही मुकेश सिंह के मनराजी शिक्षण संस्थान में स्कूल बस चालक और कंप्यूटर शिक्षक था। उसे स्कूल के कार्यालय, लॉकर और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी थी। उसका पड़ोसी और पट्टीदार आशीष यादव भी वारदात में शामिल था।
विज्ञापन

स्कूल में चोरी की योजना बनाई और 28 सितंबर की रात वहां पहुंचे। दोनों कार्यालय में रखी चाबी से लॉकर खोलकर रुपये निकाल रहे थे। तभी विनीता की नजर उन पर पड़ गई। चोरी का उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने फावड़े से हमला कर दिया। शोर सुनकर मुकेश पहुंचे और दोनों को पकड़ने की कोशिश की। आरोपियों ने उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
मुकेश बाहर की ओर भागे लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उन्हें भी मार डाला। इसके बाद दोनों आरोपी लॉकर से 34,960 रुपये, विनीता का मोबाइल फोन और आधार कार्ड लेकर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक राकेश ने उसी रात मृतका के मोबाइल से कई बार रुपये का लेनदेन किया। पकड़े जाने के डर से मोबाइल को कुएं में फेंक दिया।
इनसेट
बुढ़ाना के पास बड़ी नहर पुलिया से हुई गिरफ्तारी
एसपी के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार को दोनों को बुढ़ाना के पास बड़ी नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल रक्तरंजित फावड़ा और कुल्हाड़ी पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी थी। बताया कि राकेश के पास से विनीता का आधार कार्ड और 18,220 रुपये, जबकि आशीष के पास से 16,740 रुपये बरामद हुए। दोनों की निशानदेही पर मिले कपड़ों पर खून के निशान मिले हैं। राकेश पर पहले से तीन और आशीष पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनसेट
एसआईटी करेगी वैज्ञानिक साक्ष्यों की निगरानी
हत्याकांड की प्रभावी जांच और पैरवी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। एसपी ने बताया कि वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। मिशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें