जयसिंहपुर। बिरसिंहपुर गांव में रविवार सुबह बिजली के खंभे के स्टे रॉड में उतरे करंट की चपेट में आने से चाय विक्रेता मलहू धुरिया (50) की मौत हो गई। वह घर के बगल लगे हैंडपंप से पानी लेने के लिए गए थे। इसी बीच स्टे रॉड में उतरे करंट की चपेट में आ गए।
परिजनों के मुताबिक मलहू रविवार सुबह 7:30 बजे घर के बाहर पानी लेने गए थे। हैंडपंप के पास लगे बिजली के खंभे के स्टे रॉड में करंट प्रवाहित हो रहा था।
हाथ छूते ही करंट की चपेट में आने से झुलस गए। उन्हें बिरसिंहपुर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।