सुल्तानपुर। जिले में दो नवंबर से 108 क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू होगी। शासन ने इस बार 12.40 लाख क्विंटल खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। बारिश के कारण अभी कुछ केंद्रों पर तैयारियां पूरी नहीं हो सकी हैं।
धान बेचने के लिए अब तक 578 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 181 का सत्यापन हो चुका है। विभाग के अनुसार, केंद्रों पर बैनर, बोरे, तौल मशीन और ई-पाॅप मशीन की व्यवस्था की जा रही है। किसानों के वाहनों को खड़ा करने के लिए भी जगह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को कुड़वार क्रय केंद्र पर विपणन सहायक बृजेश ने किसानों को धान खरीद की प्रक्रिया की जानकारी दी। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि किसान विभाग की वेबसाइट या यूपी किसान मित्र एप पर पंजीकरण करा सकते हैं। बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही धान खरीदा जाएगा। भुगतान आधार से जुड़े बैंक खाते में किया जाएगा।
एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह ने बैठक में केंद्र प्रभारियों को सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। बताया कि 108 केंद्रों के लिए 109 ई-पॉप मशीन उपलब्ध हैं। केंद्रों पर पानी, बैठने, कांटा, डस्टर और एनालिसिस किट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।