सुल्तानपुर। जिले में शासन की ओर से धान खरीद का लक्ष्य तय कर दिया गया है। 92 क्रय केंद्रों पर इस बार 12 लाख क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य दिया गया है। एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी।
खरीद बढ़ाने के लिए शासन ने खरीद मूल्य में 69 रुपये की वृद्धि की है। अभी तक 76 किसानों ने पंजीयन करा लिया है।
जिले में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। पहली सितंबर से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। शासन ने पिछले वर्षों की खरीद को देखते हुए इस वर्ष धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में प्रति क्विंटल 69 रुपये की वृद्धि है। गत वर्ष 2,300 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य तय किया गया था। इस बार 2,369 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
धान खरीद के लिए इस बार खाद्य विभाग का 33, पीसीएफ का 27, यूपीएसएस का 16, पीसीयू का 13, एफसीआई का दो व मंडी परिषद का एक क्रय केंद्र बनाया गया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि धान बिक्री के लिए किसानों का पंजीकरण अनिवार्य है।
इस प्रकार होगा पंजीयन
किसानों को खाद्य व रसद विभाग की वेबसाइट या मोबाइल एप यूपी किसान मित्र पर पंजीकरण कराना होगा। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 18001800150 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। धान बेचने के लिए ओटीपी आधारित सिंगल पंजीकरण व्यवस्था है।
किसान मोबाइल पर एसएमएस से मिले ओटीपी को भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। किसानों को भुगतान सीधे आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही धान खरीद की जाएगी।