फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: गोपालपुर द्वितीय में 280 परिवारों तक पहुंचा नल का जल

Wed, 24 Jun 2026 11:58 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जयसिंहपुर। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे गोपालपुर द्वितीय गांव के ग्रामीणों को राहत मिल गई है। जल जीवन मिशन के तहत रुका हुआ प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद गांव के 280 परिवारों को नल कनेक्शन देकर नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों ने खुशी जताई है।
विज्ञापन

जल निगम ग्रामीण की ओर से जयसिंहपुर विकास खंड के गोपालपुर द्वितीय गांव में 1.44 करोड़ रुपये की लागत से 75 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया गया। कुछ अवरोधों के कारण परियोजना का कार्य प्रभावित हो गया था। गांव के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे थे। अमर उजाला में पेयजल समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभागीय अधिकारियों ने परियोजना पर तेजी से काम कराया।
टंकी का निर्माण पूरा होने के साथ पाइपलाइन का विस्तार कर 280 परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए, जिससे गांव में निर्बाध जलापूर्ति हो रही है। ग्रामीण अनिल, तुलसीराम, राजकुमार, विंदेश्वरी प्रसाद, रागिनी, कुलदीप, विमला देवी, राजमती और सुशीला ने बताया कि पहले हैंडपंप से पानी भरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, अब घर पर स्वच्छ पानी उपलब्ध हो रहा है। मवेशियों के लिए भी आसानी से पानी मिल रहा है। ग्राम पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र पर भी पानी के कनेक्शन कर दिए गए हैं, जिससे सार्वजनिक स्थानों में भी स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हो गई है।
विज्ञापन

दो पालियों में हो रही जलापूर्ति
जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता वकार हुसैन ने बताया कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत 50 से अधिक परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि अन्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है। गोपालपुर द्वितीय गांव में सुबह सात से 10 बजे तक और दोपहर तीन से शाम छह बजे तक जलापूर्ति की जा रही है। परियोजना में सोलर पैनल, जेनसेट और फायर हाइड्रेंट की भी व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें