सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। कांवड़ यात्रा और नागपंचमी को लेकर पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर की पुलिस ने टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। पांच दिनों तक यह रूट बंद रहेगा। इसके मद्देनजर पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से रूट डायवर्जन किया है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को सेमरी बाईपास से अंबेडकरनगर जिले की सीमा तक भारी वाहनों का करीब आठ किमी लंबा जाम लग गया। कांवड़ यात्रा और नागपंचमी के मद्देनजर पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर की पुलिस ने सीमावर्ती हालापुर गांव के पास प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया। हालांकि हल्के वाहनों का आवागमन जारी है।
सुरक्षा की दृष्टि से सेमरी पुलिस ने विसुनदासपुर टर्निंग प्वाइंट के पास से रूट डायवर्जन किया है। यहां भारी वाहनों के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आने-जाने की व्यवस्था की गई है। सेमरी चौकी इंचार्ज विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अंबेडकरनगर की सीमा पर 22 अगस्त तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। सिर्फ आवश्यक सामग्री की आपूर्ति से जुड़े वाहनों को ही इस रूट पर प्रवेश दिया जाएगा।