सुल्तानपुर। कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते केस के बीच बीएड-2020 की प्रवेश परीक्षा जिले के 11 केंद्रों पर रविवार को होगी। इसमें 3,948 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के पास मौजूद प्रवेश पत्र के जरिए लॉकडाउन में आवाजाही में छूट मिलेगी।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2020 का आयोजन लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से किया जा रहा है। प्रवेश परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान, गनपत सहाय पीजी कॉलेज पयागीपुर, गनपत सहाय पीजी कॉलेज महिला शाखा सीताकुंड, राणा प्रताप पीजी कॉलेज को 500-500 अभ्यर्थी आवंटित किए गए हैं।
केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, मधुसूदन विद्यालय इंटर कॉलेज, सलीम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैराबाद व रामकली बालिका इंटर कॉलेज को 300-300 परीक्षार्थी आवंटित हुए हैं। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज उतुरी को 148 परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं।
परीक्षा कक्षों में सोशल डिस्टेंसिंग कायम रहे, इसके लिए प्रत्येक कक्ष में 15 से 20 परीक्षार्थियों के ही सिटिंग प्लान बनाए गए हैं। सैनिटाइजेशन के लिए प्रत्येक केंद्र को 10 हजार रुपये आवंटित हुए हैं। इस राशि से थर्मल मीटर, सैनिटाइजर व अन्य जरूरी सामान क्रय किए जा सकेंगे।
बीएड प्रवेश परीक्षा में दो केंद्रों पर एक क्लास-2 अफसर को बतौर सेंटर रिप्रजेंटेटिव तैनात किया जाएगा, जो कोषागार से ओएमआर शीट व प्रश्नपत्र अपनी देखरेख में ले जाएंगे व परीक्षा के बाद लाकर जमा कराएंगे। परीक्षा के बाद उसी दिन ओएमआर शीट लखनऊ विश्वविद्यालय भेजी जाएगी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2020 के लिए 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 22 शिक्षकों को बतौर पर्यवेक्षक लगाया गया है।
केएनआई में हुई केंद्र अध्यक्षों की बैठक
संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2020 के लिए सभी केंद्र अध्यक्षों की बैठक केएनआई के प्राचार्य कक्ष में शनिवार को हुई। इस बैठक में सीडीओ अतुल वत्स, बीएड प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी व केएनआई के प्राचार्य डॉ. राधेश्याम सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल सिंह शामिल हुए। अधिकारियों ने केंद्र अध्यक्षों को प्रवेश परीक्षा के दौरान नियमों के अनुपालन का निर्देश दिया।
दो पालियों में नकलविहीन कराई जाएगी परीक्षा
सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में पूरी पारदर्शिता से नकलविहीन प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक व दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक प्रवेश परीक्षा होगी। केंद्र अध्यक्षों को प्रवेश परीक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
-एसके तिवारी, डीआईओएस