सुल्तानपुर। हाजी हनीफ मेमोरियल इंटर कॉलेज लोलेपुर की मेजबानी में माध्यमिक विद्यालय मंडलीय तैराकी छात्र-छात्रा प्रतियोगिता शनिवार को पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुई। जिसमें सुल्तानपुर और अयोध्या के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सब जूनियर और जूनियर वर्ग में जिले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जबकि सीनियर वर्ग में अयोध्या के तैराकों ने श्रेष्ठता साबित की। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह और सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने किया। एमजीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई। सब जूनियर छात्र वर्ग में जिले के अंकुश निषाद, प्रदीप सक्षम निषाद, वेद प्रकाश, विमल निषाद और अभिनंदन यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों ने फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं में जीत हासिल की। जूनियर वर्ग के छात्रों में जिले का वर्चस्व रहा। सुमित निषाद, सत्यम निषाद, सचिन निषाद, दीपू, राम सिंह निषाद और प्रदीप निषाद ने फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई और ब्रेस्टस्ट्रोक में पहला स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में अयोध्या के अर्जुन कुमार, आदित्य निषाद और साहिल निषाद ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 मीटर और 100 मीटर फ्रीस्टाइल के साथ-साथ बैकस्ट्रोक स्पर्धा में भी प्रथम स्थान हासिल किया।
छात्रा वर्ग में सुल्तानपुर को छोड़कर मंडल के किसी अन्य जिले ने भाग नहीं लिया। जिले की दो छात्राओं अंशिका निषाद और पायल ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विजेता खिलाड़ी अब अगस्त में अयोध्या में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। आयोजन प्रधानाचार्य माजिद अहमद और जिला क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता को राजेश कुमार कनौजिया, सुरेश यादव, बम बहादुर यादव, प्रदीप मौर्या और स्टेडियम कोच आकाश श्रीवास्तव ने संपन्न कराया। जीवनरक्षक वीरेंद्र निषाद और देवेंद्र निषाद ने सहायक के रूप में अपनी सेवाएं दीं।