सुल्तानपुर। कैथवारा गांव के पास मंगलवार की शाम संदिग्ध लोगों की धड़पकड़ के लिए क्षेत्र में पहुंचे स्वाट टीम के वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से वाहन में पूरी स्वाट टीम फंस गई। स्थानीय लोगों की मदद से स्वाट टीम को वाहन से बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वाट टीम प्रभारी समेत दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप यादव मंगलवार की शाम करीब छह बजे मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की धरपकड़ के लिए टीम के साथ जीप से कैथवारा गांव के पास पहुंचे थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दिया।
ट्रक की टक्कर से वाहन के परखच्चे उड़ गए और पूरी स्वाट टीम वाहन में फंस गई। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसी स्वाट टीम को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप यादव और सिपाही अनूप को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वाट टीम प्रभारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।