सुल्तानपुर। घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल में राहत पाने की उम्मीद बैंकों और वेंडरों की सुस्ती से अधूरी है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 722 आवेदन बैंकों में लंबित हैं, जबकि वेंडरों की ढिलाई से 245 घरों में सोलर संयंत्र लगाने का काम पूरा नहीं हो सका है। सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में समीक्षा के दौरान यह स्थिति सामने आने पर डीएम इंद्रजीत सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि बैंक या बिजली विभाग के स्तर पर आवेदन बेवजह रोके गए तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ विनय कुमार सिंह ने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को सात दिन में सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। यूपीनेडा की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सबसे अधिक आवेदन लंबित हैं। बैंक प्रतिनिधियों को वेंडरों के मोबाइल नंबर साझा करने को कहा गया, ताकि तकनीकी और दस्तावेज संबंधी अड़चनें तत्काल दूर की जा सकें। बैठक में अनुपस्थित बैंक प्रतिनिधियों को अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
मॉडल सोलर विलेज को प्राथमिकता
वेंडरों को 245 घरों में सोलर संयंत्र लगाने का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडल सोलर विलेज परियोजना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बिजली विभाग को गांवों में योजना का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने को कहा। अधिकारियों के मुताबिक, सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की मांग और गर्मियों में ट्रिपिंग की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।