सुल्तानपुर। सरेआम छह अगस्त को अधिवक्ता को गोलियों से भून देने के आरोपी एक लाख के इनामी इस्माइल उर्फ प्रिंस ने लखनऊ की एक निचली अदालत में सरेंडर कर दिया। 15 दिन से उसकी तलाश में जुटी एसटीएफ और पुलिस की सारी नाकेबंदी बदमाशों की रणनीति के आगे फेल हो गई। उधर, मुख्य आरोपी सिराज अहमद अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
छह अगस्त को कोतवाली देहात क्षेत्र के भुलकीपुर चौराहे पर अधिवक्ता आजाद अहमद की गोलियों से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कोतवाली नगर के लोलेपुर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद को मुख्य आरोपी बनाया गया था। इस घटना में नामजद छह और विवेचना में सामने आए दो लोगों को तो पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है लेकिन सिराज अहमद और उसका साथी इस्माइल उर्फ प्रिंस दोनों ही फरार चल रहे थे।
इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार से शुरू करके एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस की सर्विलांस समेत छह टीमें और यूपी एसटीएफ इन दोनों की तलाश में पूरी ताकत झोंके रहीं लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली थी।
इस बीच पुलिस की सारी नाकेबंदी, खुफिया निगहबानी को धता बताते हुए इस्माइल उर्फ प्रिंस बुधवार को लखनऊ की एक अदालत में हाजिर हो गया। वह 2019 में लूट के एक पुराने मामले में जमानत पर था। यह जमानत निरस्त करवाकर उसने आत्मसमर्पण कर दिया।
लूट के एक मामले में जमानत पर था प्रिंस
इस्माइल उर्फ प्रिंस लूट के एक मामले में जमानत पर था। जमानत निरस्त करवाकर वह कोर्ट में हाजिर हो गया है। पुलिस सिराज अहमद को जल्द ही दबोच लेगी।
-सोमेन बर्मा, पुलिस अधीक्षक