क्षेत्र के मवई अलयापुर गांव में रविवार को प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दूरदराज से आए पहलवानों ने जोर आजमाइश की। प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन जैनुल हसन ने किया। पहली कुश्ती जौनपुर के पहलवान सुरजीत व मिर्जापुर के पहलवान कासिम के बीच हुई।
सुरजीत ने कासिम को पटखनी देकर विजय हासिल की। दूसरी कुश्ती जायस के सावन एवं शिवकुमार के बीच हुई। इसमें सावन विजयी रहे। सुल्तानपुर के पहलवान शानू एवं संजय पहलवान की कुश्ती बराबर पर रही।
हरियाणा के पहलवान चिंता व मेरठ के पहलवान मो. शाकिर की कुश्ती काफी देर तक चली। अंत में हरियाणा के पहलवान चिंता को चित करके मो. शाकिर ने विजय प्राप्त की। कुश्ती के अंत में सभी विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के आयोजक विजय पासी ने अतिथियों का आभार जताया। इस मौके पर रवि कुमार, घनश्याम, आलोक, मायाराम समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।