शहर के पर्यावरण पार्क में झूले का आनंद लेते बच्चे। संवाद
सुल्तानपुर। सुबह-शाम बढ़ती ठंड के बीच शनिवार को निकली चटख धूप ने लोगों को राहत दी। मौसम साफ रहने से शहर की सड़कों और बाजारों में चहल-पहल बढ़ी। सुबह धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की लेकिन दोपहर में तेज धूप से ज्यादा देर खुले में रहना मुश्किल हो गया।
मौसम के अनुकूल होने से बाजारों में सहालग की खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से लोग पहुंचे। कपड़ा व्यापारी अभिषेक बरनवाल ने बताया कि मौसम साफ रहने पर ग्रामीण ग्राहक खरीदारी के लिए शहर आते हैं। लंभुआ से खरीदारी करने पहुंचे हिमांशु सिंह ने बताया कि मौसम अच्छा होने से परिवार के साथ खरीदारी करने आए हैं।
वहीं, धूप निकलने से किसानों को गेहूं की बोआई सहित खेती के काम निपटाने में सहूलियत हुई। दोपहर बाद पर्यावरण पार्क में बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 28.9 और न्यूनतम 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।