शहर के जीएन रोड स्थित गणेश पंडाल में भजन कीर्तन करतीं महिलाएं। स्रोत-आयोजक
सुल्तानपुर। गणेश महोत्सव के तहत शनिवार को शहर के कई पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे आयोजित किए गए। चौक हनुमानगढ़ी और शाहगंज चौकी के सामने स्थित गणेश पूजा पंडाल में सुंदरकांड का पाठ हुआ। कृष्णानगर की वृंदावन कॉलोनी में कृष्णा सोनी व मोहल्लेवासियों के सहयोग से भंडारा हुआ। शाहगंज चौराहा, राहुल चौराहा, नबीपुर सहित कई स्थानों पर आयोजित भंडारों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गणेश पूजा व्यवस्था समिति के मीडिया प्रभारी राजदेव शुक्ल ने बताया कि पूजा पंडालों में सुबह-शाम आरती हो रही है और गणपति बप्पा को तरह-तरह के भोग अर्पित किए जा रहे हैं। महिलाओं सहित मोहल्लेवासियों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन भव्य रूप ले रहा है। बारिश को देखते हुए पूजा समितियों से पंडालों को पॉलीथिन और वाटरप्रूफ तिरपाल से सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है।
देर शाम समिति के संरक्षक प्रवीन कुमार अग्रवाल, संयोजक अनिल द्विवेदी, प्रिंस कुमार अग्रहरि, नारायण कासौधन, राज यादव, शुभम सुदर्शन, आशीष सिंह, नितिन अग्रहरि और अनमोल जायसवाल सहित अन्य लोगों ने सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर बप्पा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर चल रहे भंडारों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
आज निकलेगी कृष्ण प्रतिमाओं की शोभायात्रा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पखवाड़े भर चली धूम के बाद रविवार को शहर में प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के संयोजक विनय चौरसिया ने बताया कि श्रीकृष्ण और राधा की प्रतिमाएं रथों पर सवार होकर चौक से ठठेरी बाजार होते हुए विसर्जन मार्ग से सीताकुंड धाम पहुंचेंगी। देर रात प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। गोमती का जलस्तर बढ़ने से समितियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
शहर के जीएन रोड स्थित गणेश पंडाल में भजन कीर्तन करतीं महिलाएं। स्रोत-आयोजक
शहर के जीएन रोड स्थित गणेश पंडाल में भजन कीर्तन करतीं महिलाएं। स्रोत-आयोजक