बारिश के बीच सुल्तानपुर जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग झुलस गए। घायलों को सीएचसी कुड़वार पहुंचाया गया, जहां से चार की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
बारिश के बीच बुधवार को बिजली ने जिले में कहर बरपा दिया। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गिरी बिजली की चपेट में आने से वृद्धा व एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
पहली घटना बंधुआ कला थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव में हुई। यहां धान की रोपाई कर रहे मजदूर बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज चमक के साथ बिजली गिर गई। हादसे में पियारी (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयसिंह, चांदनी, मुस्कान, जाह्नवी, छत्रपाल, आदित्य, उदयराज और प्रानदेई झुलस गए। घायलों को सीएचसी कुड़वार पहुंचाया गया, जहां से चार की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दूसरी घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ककवादपुर गांव में हुई। यहां भैंस चराने गए जगन्नाथ पाल (65) की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत सहायता दिलाने का भरोसा दिया है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।