हर्ष फायरिंग में बच्चे की मौत।
- फोटो : amar ujala
सुल्तानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के फुटेहरी बनकेगांव में रविवार शाम बारात रवाना होने से पहले हुई हर्ष फायरिंग में पांच साल के मासूम की जान चली गई। रिश्ते के फूफा की ओर से की गई फायरिंग के दौरान गोली बच्चे के पेट में जा लगी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी कादीपुर से राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
फुटेहरी बनकेगांव निवासी गिरीवर गोपाल पटेल के चचेरे भाई अनुराग पटेल की रविवार शाम बारात जानी थी। बारात कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के सूरापुर स्थित सुंदर मैरिज लॉन से रवाना होनी थी। इससे पहले शाम करीब 6:30 बजे अनुराग के जीजा अयोध्या निवासी अजय ने हर्ष फायरिंग कर दी। इसी दौरान गोली गिरीवर के पांच वर्षीय बेटे अर्श पटेल के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। बच्चे की मां अमृता पटेल परिजनों के साथ उसे लेकर तत्काल सीएचसी कादीपुर पहुंचीं। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने अर्श को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
तीन बच्चों में सबसे छोटा था अर्श
गिरीवर गोपाल पटेल के तीन बच्चे हैं। अर्श के अलावा परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। गिरीवर बाहर रहकर नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी अमृता ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।