आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह।
- फोटो : amar ujala
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत से बड़ी राहत मिली है। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन से जुड़े मुकदमे में अदालत ने मंगलवार को संजय सिंह समेत सभी जीवित 12 आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त करार दिया। फैसले के दौरान सांसद संजय सिंह भी अदालत में मौजूद रहे।
मामला 13 अप्रैल 2021 का है। आरोप था कि संजय सिंह ने बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति चुनावी सभा की थी। इस मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव की तहरीर पर संजय सिंह समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मुकदमे की सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद शेष 12 आरोपियों के खिलाफ अदालत में सुनवाई जारी रही।
ये भी पढ़ें - यूपी चुनाव के लिए सीट शेयरिंग: सपा-कांग्रेस नेताओं के बीच दूसरे दौर की बैठक पूरी, सीटों की संख्या को लेकर दिया जवाब
ये भी पढ़ें - प्रकाश पर्व: योगी बोले- जब विदेशी ताकतें परेशान करती थीं, उस वक्त गुरुनानक जी ने मंत्र दिया कि 'एक ओंकार'
बीते 18 नवंबर को अभियोजन पक्ष के चार गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे। इसके बाद अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से अंतिम बहस पूरी की गई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता और अभियोजन पक्ष के विशेष लोक अभियोजक ने अदालत में अपना पक्ष रखा था।
विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद सभी 12 जीवित आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। करीब पांच वर्ष पुराने इस मुकदमे में अदालत के फैसले से मामले का निस्तारण हो गया।