उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटर के नतीजे शुक्रवार को घोषित हुए। जिसमें हाईस्कूल में खुशी साहू व इंटर मीडिएट में आदर्श यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदर्श यादव प्रदेश की मेरिट में दूसरे स्थान पर हैं। प्रदेश में जिले को हाईस्कूल में 45 वां व इंटर में 54 वां स्थान मिला। हाईस्कूल में 89.75 व इंटर में 79.91 फीसदी उत्तीर्ण प्रतिशत रहा। नतीजे घोषित होने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए और एक दूसरे को बधाई दी।
शुक्रवार को घोषित यूपी बोर्ड के रिजल्ट में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज झारखंड कादीपुर के इंटर मीडिएट के छात्र आदर्श यादव को प्रदेश में दूसरा स्थान मिला। वहीं, श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान की हाईस्कूल की छात्रा खुशी साहू को जिले पहला स्थान प्राप्त हुआ। हाईस्कूल व इंटर मीडिएट के टॉप टेन लिस्ट में कादीपुर तहसील क्षेत्र का दबदबा पिछले कई वर्षों के तरह इस वर्ष भी कायम रहा। हाईस्कूल में टॉप टेन लिस्ट में शामिल 16 में से 10 विद्यार्थी कादीपुर के रहे। वहीं इंटर मीडिएट की टॉप टेन लिस्ट में शामिल 12 में से 11 विद्यार्थी कादीपुर क्षेत्र के रहे। जिले में हाईस्कूल में 43,266 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 40,927 परीक्षा में शामिल हुए। वहीं इंटर मीडिएट में 40,296 में से 38435 ने परीक्षा दी थी।