सुल्तानपुर। दिव्यांगता से दुखी एक युवक ने सोमवार की देर शाम शारदा सहायक नहर में कूदकर जान देने की कोशिश की। घटनास्थल के पास गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से युवक को नहर से बाहर निकाल लिया।
अमेठी के संग्रामपुर क्षेत्र के ग्राम भैरोपुर निवासी राम समुझ पैर से दिव्यांग हैं। सोमवार को राम समुझ ट्राई साइकिल से जिले के धम्मौर के जनकपुर गांव अपनी ससुराल आया था। राम समुझ ट्राई साइकिल से महेशरगंज गांव के पास शारदा सहायक नहर की पुलिया पर पहुंचा। जब तक आसपास के लोग कुछ समझते उसने ट्राई साइकिल खड़ी कर नहर में छलांग लगा दी। घटना के वक्त एसओ गौरीशंकर पाल अन्य पुलिस कर्मियों के साथ गश्त पर थे। उनकी नजर नहर में कूदने वाले युवक पर पड़ी तो शोर मचाते हुए नहर की तरफ भागे। पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों ने नहर में छलांग लगाकर राम समुझ को जीवित बाहर निकाल लिया। राम समुझ ने बताया कि वह खुदकुशी करना चाहता था। एसओ ने राम समुझ को समझाया-बुझाया। सूचना के बाद पहुंचे परिजनों के साथ पुलिस ने राम समुझ को घर भेज दिया।