सुल्तानपुर। स्वदेशी गायों की नस्लों को बढ़ावा देकर श्वेत क्रांति को गति देने के लिए पशुपालन विभाग ने दो योजनाओं के तहत आवेदन शुरू कर दिए हैं। नंद बाबा दुग्ध मिशन की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में गीर, साहीवाल और थारपारकर नस्ल की 10 गायों की यूनिट पर 23.60 लाख रुपये की लागत का 50 फीसदी अनुदान मिलेगा।
मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना में दो गायों की दो लाख रुपये लागत वाली यूनिट पर अधिकतम 80 हजार रुपये (40 प्रतिशत) का अनुदान दिया जाएगा। आवेदन विभाग की वेबसाइट के अलावा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से किए जा सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पीके शर्मा ने बताया कि मिनी नंदिनी योजना में जिले का लक्ष्य छह और स्वदेशी गो संवर्धन योजना में 28 यूनिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।