लंभुआ (सुल्तानपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तेरयें गांव में बृहस्पतिवार देर शाम छात्रा का शव घर के अंदर फंदे पर लटकता मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्रतापगढ़ के कोहड़ौर थाने के सरौली गांव निवासी रामआसरे की पुत्री सुषमा (19) अपनी बहन रोशनी पत्नी बंशीलाल निवासी तेरयें कोतवाली लंभुआ के घर पर रहती थी। सुषमा क्षेत्र के एक बालिका इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बृहस्पतिवार दोपहर सुषमा की बहन रोशनी व जीजा बंशीलाल खेत गए थे। सुषमा घर में अकेली थी। देर शाम रोशनी व उसके पति बंशीलाल जब खेत से लौटे तो घर का नजारा देख सन्न रह गए।
सुषमा का शव कमरे में फंदे से लटक रहा था। ये देेखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। इस पर आसपास के लोग भी इकट्ठा हुए। लोगों ने फंदे से शव को नीचे उतारा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना लंभुआ कोतवाली में दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके पर छानबीन की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक वंशराज पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।