लंभुआ में स्कूली बस को चेक करते यात्री/मालकर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी। स्रोत-एआरटीओ
सुल्तानपुर। परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा और मानकों के अनुपालन पर सख्ती बढ़ा दी है। शासन के निर्देश पर एक से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत स्कूली वाहनों की फिटनेस, दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली के तहत विद्यालयी वाहनों के लिए निर्धारित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल (यूपी-आईएसवीएमपी) पोर्टल से स्कूल वाहनों का पंजीकरण और ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है।
यात्री/मालकर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि अभियान के पहले दिन बुधवार को टीम ने लंभुआ तहसील क्षेत्र के डीपीएस स्कूल, चंद्रभान देवी पीजी कॉलेज, सीवीएम स्कूल और ऑल सेंट्स स्कूल में संचालित कुल 28 वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान 13 वाहनों की फिटनेस वैध नहीं मिली। संबंधित प्रधानाचार्यों को चेतावनी देते हुए शीघ्र फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ प्रवर्तन भूपेश गुप्ता ने बताया कि सभी दस्तावेज पूरे होने के बाद वाहनों का उपयोग बच्चों के परिवहन में किया जाए। बिना वैध प्रपत्र के वाहन संचालन पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।