लंभुआ के धोपाप में भूमि पूजन करते सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय के साथ अन्य लोग
लंभुआ (सुल्तानपुर)। निषाद पार्टी के पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल धोपाप धाम को श्रृंगवेरपुर की तरह सजाएंगे। त्रेतायुग में मित्रता के प्रतीक प्रभु श्रीराम और निषादराज की प्रतिमा जल्द ही धोपाप धाम में लग जाएगी। पूर्व सांसद शनिवार को धोपाप धाम में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर की तरह धोपाप धाम में 10 फुट की गले मिलते हुए प्रभु श्रीराम और निषादराज की प्रतिमा लगाई जाएगी। राजस्थान के लाल पत्थर से बनाई गई प्रतिमा अगले 45 दिन में धोपाप धाम में लगाने की तैयारी कर ली गई है।
संत कबीर नगर के पूर्व सांसद प्रवीण निषाद, अमित निषाद, समाजसेवी आशीष तिवारी, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मोतिगरपुर चंद्र प्रताप सिंह, गुड्डू उपाध्याय, पवन मिश्र, पिंटू सिंह, सुरेश शर्मा, हरिओम अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लंभुआ विधायक नहीं रहे मौजूद
लंभुआ। सत्तारूढ़ भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल निषाद पार्टी के इस कार्यक्रम में लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा शामिल नहीं हुए। वहीं, सदर विधानसभा सीट से विधायक राज प्रसाद उपाध्याय सहित निषाद पार्टी के तमाम कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय विधायक की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।