सुल्तानपुर। धनपतगंज बाजार में स्थापित पूर्व विधायक इंद्रभद्र सिंह की प्रतिमा पर सत्तापक्ष के माननीयों के बीच छिड़ी रार थमने का नाम नहीं ले रही है।
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह की चिट्ठी वायरल होने के बाद सुल्तानपुर से भाजपा विधायक विनोद सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। विधायक ने एमएलसी के बाहरी होने का आरोप लगाते हुए शासन के निर्देशों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है।
विधायक विनोद सिंह ने सीएम को लिखे गए अपने पत्र में कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थल, मंदिर, मस्जिद या गुरुद्वारे पर किसी भी किस्म का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी ऐसा हुआ है तो उसे हटाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। ऐसी ही एक मूर्ति के हटवाने के प्रयास पर अपनी ही पार्टी के एक जिम्मेदार नेता ने पत्र लिखकर बयान दिया है कि ऐसे कार्य से कानून व्यवस्था की हालत बहुत विस्फोटक हो जाएगी।
ये जिले के रहने वाले व्यक्ति भी नहीं है, लेकिन फिर भी शासन-प्रशासन पर अपने प्रभाव का प्रयोग कर दबाव बना रहे हैं। विधायक विनोद सिंह का मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसको लेकर सियासी पारा और गर्म होने के आसार हैं।