रामरती इंटर कॉलेज द्वारिकागंज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में मौज
सुल्तानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शनिवार को आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में रामरती इंटर कॉलेज, द्वारिकागंज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। साथ ही व्यायाम और खेल के महत्व पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें हर परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के लिए तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम की एथलेटिक्स कोच आशा ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने और आत्मरक्षा के लिए त्वरित निर्णय लेने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि खेलकूद से आत्मविश्वास बढ़ता है, जिससे बेटियां डरने के बजाय डटकर मुकाबला कर पाती हैं। उन्होंने छात्राओं को पीछे से पकड़ने, मुंह दबाने और बाल खींचने जैसी स्थितियों से खुद को छुड़ाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
छात्राओं को समझाया कि सतर्कता, आत्मविश्वास और सही समय पर लिया गया निर्णय किसी भी संकट से बचने की कुंजी है। उन्होंने बताया कि लोक-लाज की बेड़ियों को तोड़ बेटियां अब घर से बाहर निकल रहीं हैं। खेल के क्षेत्र में बेटियों ने देश का नाम ऊंचा किया है। इससे स्वस्थ शरीर के साथ झिझक भी दूर होगी।
इस मौके पर विद्यालय की प्रबंधक अनीता वर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. रामजीत, शिक्षक सर्वेशकांत वर्मा, भूपेंद्रनाथ वर्मा, विवेक सिंह, संदीप यादव, क्षमा सिंह, बबली सिंह, शकुंतला वर्मा, चंद्रभान तिवारी, वीरेंद्र विक्रम वर्मा, संगमलाल मौर्या, विपिन यादव मौजूद रहे।