गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर क्षेत्र के अरवल कीरी करवत एयरस्ट्रिप के पास रविवार सुबह लखनऊ से मऊ जा रही कार बेकाबू होकर टैंकर में पीछे से घुस गई। दुर्घटना में कार चालक की घटनास्थल पर मौत हो गई। कार सवार एक ही परिवार के महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मऊ जिले के मधुबन गांव की आशिया खातून रविवार को अपने परिवार के साथ कार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ से घर जा रही थी। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अरवल कीरी करवत एयरस्ट्रिप के पास कार की रफ्तार अधिक होने से चालक का संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू कार अनियंत्रित होकर आगे जा रही टैंकर में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखचे उड़ गए।
हादसे में कार चालक मोहम्मद कैफ (40) निवासी मुंशीपुरा जिला मऊ, आशिया खातून (55), अफरोज आलम (40), सादिया (8), आसिब (7) घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रेम पाल सिंह व सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी ने एंबुलेंस और पीआरवी वाहन से घायलों को सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने कार चालक मोहम्मद कैफ को मृत घोषित कर दिया।
अफरोज आलम और आशिया खातून को सीएचसी से राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। घायल परिवार जनों ने बताया कि अफरोज सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। रविवार सुबह फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे थे। परिवार के लोग एयरपोर्ट से उन्हें लेकर मऊ जा रहे थे। हादसे के वक्त कार में आठ लोग सवार थे। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवा दिया गया है। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है।