सुल्तानपुर। नई दिल्ली से राजगीर जाने वाली नॉन स्टॉप क्लोन स्पेशल ट्रेन को रविवार की रात सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री को प्रसव पीड़ा होने पर रोकना पड़ा। जीआरपी व रेलवे अस्पताल के कर्मचारियों की मदद से महिला को स्ट्रेचर से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। अस्पताल ले जाते समय महिला ने एंबुलेंस में बेटे को जन्म दे दिया। जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों स्वस्थ हैं।
बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर थाना अंतर्गत पानापुर लंगा निवासी अजीत कुमार अपनी गर्भवती पत्नी रेखा देवी (38) के साथ रविवार को नई दिल्ली से राजगीर जाने वाली नॉन स्टॉप क्लोन स्पेशल ट्रेन के एसी कोच में सफर कर रहे थे।
लखनऊ से ट्रेन छूटने के बाद अचानक रेखा को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। रात करीब 9:45 बजे ट्रेन को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। सूचना पर जीआरपी के उपनिरीक्षक राज बहादुर व रेलवे अस्पताल के सीनियर फार्मासिस्ट केशव गुप्ता अपनी टीम के साथ पहुंच गए। इस बीच आनन-फानन में जीआरपी ने एंबुलेंस बुलाई।
एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रेखा को प्रसव हो गया। उन्होंने बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। दंपती ने जीआरपी का आभार जताया है।