सुल्तानपुर। सावन के तीसरे सोमवार को प्रमुख मंदिरों के कपाट सुबह से ही भक्तों के लिए खुल गए। लोगों ने शिवालयों में जाकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। रुद्राभिषेक व जलाभिषेक कर आशीर्वाद मांगा। यह क्रम दिनभर जारी रहा। शहर व ग्रामीणांचल के शिवालय बम-बम भोले... व हर-हर महादेव... से गूंजते रहे।
शहर के सीताकुंड स्थित पारिजात वृक्ष के पास भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। शहर के अन्य शिवालयों व मंदिरों में भी दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। महिलाओं ने दूध व गंगा जल चढ़ाकर भगवान शिव से अखंड सुहाग एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
रामलीला मैदान स्थित सिद्धधेश्वर मंदिर, एमजीएस चौराहा स्थित त्रयंबकेश्वर मंदिर, नयानगर स्थित महाकालेश्वर मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ लगी रही। शहर से सटे लोहरामऊ के निकट महादेव नगर स्थित महादेव धाम पर तड़के ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। पंडित राज कुमार तिवारी ने बताया कि सावन के सोमवार पर यहां भक्तों की भारी भीड़ जुटती है।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में धम्मौर के महेश्वर नाथ मंदिर समेत अन्य स्थानों पर भी दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालु हर-हर शंभू..., शिवा महादेवा..., हर-हर महादेव... के जयकारे लगाते रहे।