जयसिंहपुर। इसूर निवासी कृष्ण कुमार ने अपने दिवंगत पिता भगवानदीन के बैंक खाते से 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार उनके पिता का भारतीय स्टेट बैंक की बरौंसा शाखा में खाता था। पिता की मृत्यु के लगभग चार महीने बाद उस खाते से 13, 14 और 25 अप्रैल 2023 को अलग-अलग तिथियों में कुल 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते में उनकी माता फूलपती नामिनी थीं। कृष्ण कुमार ने बताया कि जिस दौरान खाते से धनराशि निकाली गई, उस समय बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी आया था। हालांकि, उस समय उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया था। गत दिनों बैंक से खाते से पैसा निकाले जाने की जानकारी होने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।