सुल्तानपुर। पत्नी की दवा कराने बाइक से जा रहे एक युवक की पूर्व विधायक के पुत्र ने साथियों के साथ पिटाई कर दी। पति को बचाने दौड़ी पत्नी को भी पीटा गया। पिटाई से आहत युवक और उसकी पत्नी एसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह की धमकी देने लगे।
पुलिस ने युवक की तहरीर पर पूर्व विधायक के बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी ओर पूर्व विधायक के पुत्र ने युवक पर आए दिन वसूली करने का दबाव बनाने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व विधायक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
कादीपुर कस्बे में अनिल कुमार चोपड़ा अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार की सुबह वे अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर दवा लेने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ब्लॉक गेट के सामने पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी के पुत्र डॉ. अंगद चौधरी ने अपने दो साथियों के साथ अनिल को रोक लिया।
अनिल के रुकते ही अंगद चौधरी, अजय सिंह परिहार और अभिषेक पांडेय ने उसे पीटना शुरू कर दिया। पति को बचाने दौड़ी अनिल की पत्नी को भी हमलावरों ने पीट दिया। पिटाई से आहत अनिल चोपड़ा और उनकी पत्नी एसपी कार्यालय पहुंच गई।
दंपती आत्मदाह की धमकी देने लगे। इसकी जानकारी एसपी शिवहरी मीणा को हुई तो उन्होंने केस दर्ज करने का आदेश दिया। कादीपुर कोतवाल केके मिश्रा ने बताया कि पत्रकार अनिल चोपड़ा की तहरीर पर डॉ. अंगद चौधरी, अजय सिंह परिहार और अभिषेक पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी ओर डॉ. अंगद चौधरी की तहरीर पर अनिल चोपड़ा के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी के पुत्र डॉ. अंगद चौधरी कांग्रेस से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अंगद चौधरी ने बताया कि अनिल चोपड़ा खुद को पत्रकार बताता है। वह लगातार फेसबुक और सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब कर रहा है। उनसे पैसे की मांग करता है। 15 हजार रुपये का मोबाइल सेट भी मांगा था। इसकी शिकायत उन्होंने पूर्व में एसपी से की थी। मारपीट व लूटपाट का आरोप बेबुनियाद है।
अनिल चोपड़ा ने बताया कि डॉ. अंगद चौधरी और उनके साथी अजय सिंह परिहार और अभिषेक पांडेय ने उनकी पिटाई की। उनका कैमरा तोड़ डाला और पांच हजार रुपये भी लूट लिया। बचाने पहुंची पत्नी को भी पीटा। आए दिन अंगद चौधरी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं।