कादीपुर (सुल्तानपुर)। पांडेय का पुरवा सरैया नहर के पास मंगलवार रात हिस्ट्रीशीटर सगे भाइयों ने नोटिस तामीला कराने के लिए निकले दरोगा और सिपाही पर असलहे से गोली चला दी। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह छिपकर जान बचाई। पुलिस कर्मियों के हटते बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। उप निरीक्षक की तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कादीपुर कोतवाली उपनिरीक्षक राजनारायन यादव मंगलवार की रात एक केस की विवेचना में नोटिस तामीला कराने के लिए कुम्ही डड़िया गांव गए थे। साथ में कांस्टेबल रितेश कटियार भी थे। राजनारायन यादव के मुताबिक, आरोपी घर पर नहीं मिले तो वे अपनी बाइक से लौटने लगे। रास्ते में सरैया नहर के पास एक बाइक से दो व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो दोनों ने बाइक सटाकर खड़ा कर दिया। बाइक पर कादीपुर के कुम्ही डड़िया निवासी हिस्ट्रीशीटर आनंद सिंह और उसका छोटा भाई हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र विक्रम सिंह मौजूद थे। उनके खिलाफ 13 जून को वादी मुकदमा अवधेश पांडेय निवासी कुम्ही डड़िया कादीपुर व इंद्र बहादुर सिंह निवासी कुम्ही डड़िया ने केस दर्ज कराया था।
नोटिस तामील कर बयान कराने के लिए उप निरीक्षक राजनारायन ने आरोपियों से कहा तो दोनों नाराज हो गए। आरोप है कि दोनों भाई मुकदमे के कागजात फाड़ने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस टीम से हाथापाई की। किसी तरह से पुलिस कर्मियों ने खुद का बचाव किया। तभी दोनों आरोपियों ने अपने-अपने असलहों से पुलिस कर्मियों पर फायर कर दिया। गोली चलने के बाद पुलिस कर्मी अपनी जान बचाने के लिए छिप गए।
इधर, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। बाद में पुलिस टीम ने उनका पीछा किया लेकिन उनका पता नहीं चला। कादीपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर सगे भाइयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।