दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र दोस्तपुर के बढ़ौली स्थित पंडित सत्य नारायण द्विवेदी महाविद्यालय में बुधवार सुबह प्रथम पाली में बीएससी प्रथम वर्ष भौतिक विज्ञान की परीक्षा हो रही थी। सचल दस्ते ने एक कक्ष में परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए सॉल्वर को पकड़ा। उसकी कॉपी व प्रश्नपत्र जब्त कर लिया गया। केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर दोस्तपुर थाने में आरोपी सॉल्वर के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
बुधवार सुबह पंडित सत्य नारायण द्विवेदी महाविद्यालय बढ़ौली दोस्तपुर में बीएससी प्रथम वर्ष के भौतिक विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान सचल दल प्रभारी डाॅ. जितेंद्र कुमार सिंह निवासी संहगिया दोस्तपुर ने हर्षित मिश्र निवासी बौढ़िया बालमऊ थाना करौंदीकला को संदेह के आधार पर पकड़ लिया।
हर्षित दूसरे छात्र नवनीत मिश्र निवासी बौढ़िया बालमऊ करौंदीकला के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। सचल दल प्रभारी ने इसकी जानकारी केंद्राध्यक्ष डॉ. बिंदू सिंह को दी। इस पर केंद्राध्यक्ष ने आरोपी हर्षित मिश्र से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी।
कक्ष निरीक्षक महेंद्र शुक्ला निवासी सरावां पोस्ट अल्लीपुर थाना अखंडनगर के समक्ष आरोपी सॉल्वर की कॉपी व प्रश्नपत्र जब्त कर लिया गया। केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर बुधवार को ही आरोपी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
रिश्ते में चचेरा भाई है सॉल्वर
पंडित सत्यनारायण द्विवेदी डिग्री कॉलेज में बुधवार को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया आरोपी हर्षित मिश्र परीक्षा देने वाले छात्र नवनीत मिश्र का चचेरा भाई बताया जा रहा है। दोनों ही करौंदीकला थाना क्षेत्र के बौढि़या बालमऊ गांव के रहने वाले हैं। हर्षित नवनीत का बड़ा भाई बताया जा रहा है।
-फोटो 54 : समाजसेवी दिनेश कौशिक को ध्वजा यात्रा का निमंत्रण देते समिति सदस्य।