फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: सिफारिश नहीं, सॉफ्टवेयर तय करेगा यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्र

Sun, 05 Jul 2026 12:43 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने केंद्रों के चयन में मानवीय हस्तक्षेप कम करने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। अब परीक्षा केंद्रों का निर्धारण सॉफ्टवेयर के माध्यम से होगा जबकि आपत्तियां भी पहली बार ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेंगी।
विज्ञापन

डीआईओएस कार्यालय के परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया 20 जुलाई से 18 सितंबर तक चरणबद्ध ढंग से चलेगी। सबसे पहले सभी विद्यालयों को परिषद के पोर्टल पर अपने यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देनी होगी। कक्षों की संख्या, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, बिजली और सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं।
ऑनलाइन दी गई जानकारी का तहसील स्तरीय समिति भौतिक सत्यापन करेगी। इसकी रिपोर्ट डीआईओएस के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सॉफ्टवेयर परीक्षा केंद्रों की पहली सूची तैयार करेगा। सुल्तानपुर जिले में 28 राजकीय, 58 अशासकीय सहायता प्राप्त और 371 वित्तविहीन इंटर कॉलेज संचालित हैं। वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में कुल 122 केंद्र बनाए गए थे और 76,694 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।
विज्ञापन

ऑनलाइन होगा आपत्तियों का निस्तारण
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर ने बताया कि छात्र, अभिभावक, विद्यालय और प्रबंधक पोर्टल पर ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों के परीक्षण और निस्तारण के बाद एक संशोधित सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। यह प्रक्रिया पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।
विज्ञापन

परीक्षा केंद्र निर्धारण का पूरा शेड्यूल
20 जुलाई तक : विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं का ऑनलाइन विवरण अपलोड।
3 अगस्त तक : तहसील स्तरीय समिति का भौतिक सत्यापन।
10 अगस्त तक : सत्यापन रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड।
17 अगस्त : परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी।
22 अगस्त तक : पहली सूची पर ऑनलाइन आपत्तियां।
1 सितंबर : आपत्तियों का परीक्षण।
7 सितंबर : संशोधित सूची जारी।
14 सितंबर तक : संशोधित सूची पर दोबारा ऑनलाइन आपत्तियां।
18 सितंबर : अंतिम परीक्षा केंद्र सूची जारी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें